महराजगंज: कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने एनएच चौड़ीकरण को लेकर डीएम से कई बिंदुओं पर की चर्चा

महराजगंज: कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने एनएच चौड़ीकरण को लेकर डीएम से कई बिंदुओं पर की चर्चा


महराजगंज: एनएच 730 के चौड़ीकरण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत के नेतृत्व में पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को डीएम से उनके कैम्प कार्यालय पर मिला। इस दौरान ज्ञापन देकर सड़क चौड़ीकरण के अधिनियमों व उचित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया ने कहा कि जिला मुख्यालय से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 730 को चौड़ा करने और उसके पुननिर्माण के दौरान भारी संख्या में दुकानों व मकानों का ध्वस्त कर दिया गया है। विश्वास है कि निर्माण कार्य में सभी अधिनियमों और उचित प्रक्रियाओं का पालन किया गया होगा, लेकिन कुछ मुद्दों को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उद्देश्य के लिए एक विशेष भूमि की आवश्यकता होती है। इसके लिए पूर्व सूचना नामक एक प्रारंभिक अधिसूचना जारी किया जाता है। जिसमें अधिग्रहित की जाने वाली भूमि का विवरण होता है। इसे दो स्थानीय अखबारों में प्रकाशित किया जाना चाहिए। यह जानकारी दी जानी चाहिए कि किन अखबारों और किस तारीख को यह अधिसूचना प्रकाशित की गई। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी भूमि में रुचि रखता है तो वह अधिसूचना प्रकाशन की तारीख से 21 दिन के भीतर सक्षम प्राधिकारी को लिखित रूप में भूमि के अधिग्रहण पर आपत्ति कर सकता है। उसे आपत्ति सुनने का अवसर दिया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि इसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए कि आपत्तियों पर विचार करने के लिए कौन सा दिन नियत किया गया। इसमें कितनी आपत्तियां प्राप्त हुई। आपत्तियों का फैसला होने के बाद केंद्र सरकार इच्छित अधिग्रहण की औपचारिक घोषणा करती है। इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा औपचारिक घोषणा कब और कैसे की गई? इसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इसके अलावा प्रतिनिधि मंडल ने एनएच को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा की। डीएम ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिभुवन नारायण मिश्र, नूर आलम, कपिलदेव शुक्ल, विनोद कुमार, ज्ञानेंदु पटेल, अम्बरीश, दीपचंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ