70 साल के बुजुर्ग ने 35 साल की पत्नी की हत्या कर लगाई फांसी

70 साल के बुजुर्ग ने 35 साल की पत्नी की हत्या कर लगाई फांसी


राजधानी दिल्ली के शाहदरा के जगतपुरी में झगड़े के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 35 साल की पत्नी की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह मामले की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मानक चंद बेदी परिवार के साथ जगतपुरी के बलदेव पार्क में रहते थे। उसके परिवार में तीन बेटे और उनका परिवार है। करीब सात वर्ष पहले मानक चंद की पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रह रहे थे। बंटवारे के बाद तीनों बेटे मकान की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर अपने-अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।
अकेलेपन के कारण करीब छह महीने पहले मानकचंद ने गाजियाबाद के लोनी की रहने वाली लक्ष्मी देवी से गुरुद्वारे में शादी कर ली थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। इस बीच लक्ष्मी झगड़े के चलते भागकर दो बार अपने मायके भी गई। चार दिन पहले ही मानक चंद लक्ष्मी को समझाकर वापस घर लाए थे। बुधवार रात दोबारा से दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुरुवार सुबह मानक चंद का पोता उनसे मिलने नीचे आया। उसने देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो दोनों कमरे में मृत पड़े थे। लक्ष्मी देवी का सिर फटा हुआ था। उसके शव के पास खून से सनी एक ईंट पड़ी थी। वहीं, मानक चंद का शव कमरे में पंखे से लगे फांसी के फंदे से लटक रहा था। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ