महागठबंधन जीतकर देश में नई सरकार और नया प्रधानमंत्री देगा : अखिलेश यादव

महागठबंधन जीतकर देश में नई सरकार और नया प्रधानमंत्री देगा : अखिलेश यादव


जनपद देवरिया में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वाले पिछले लोकसभा चुनाव में किये सभी वादे भूल गये हैं। वह अच्छे दिन लाने, किसानों की आयु दोगुना करने, करोड़ों नौजवानों को नौकरी देने का वादा भूल गए। मोदी ने चायवाला बनकर जनता को धोखा दिया है। जो सरकार जनता को दु:ख देती है समय आने पर जनता उसका हिसाब करती है।


इस चुनाव में जनता नफरत और झूठ की राजनीति करने वाली भाजपा का सफाया कर देगी।


अखिलेश यादव ने सोनूघाट में देवरिया, बांसगांव व सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के गठबंधन प्रत्याशियों के लिए आयोजित जनसभा में हीं। उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीबों को समय पर इलाज की सुविधा मिले इसके लिए उनके द्वारा चलाए गए एबुलेंस को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया और समाजवादी पेंशन तक को बंद कर गरीबों पर प्रहार किया है। गरीबों को गैस सिलेण्डर और चूल्हा दिया, लेकिन गैस का दाम इतना बढ़ा दिया कि वह दोबारा भरा नहीं पा रहे हैं। भाजपा ने इनको भी धोखा दिया है।


नोटबंदी से भ्रष्टाचार और कालाधान खत्म तो नहीं हुआ, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गयी


भाजपा राज में हमारा-आपका पैसा उद्योगपति लेकर विदेश भाग गये। इस चुनाव में चौकीदार और ठोकीदार दोनों हटेंगे। अखिलेश ने कहा कि उनके गठबंधन से घबराये प्रधानमंत्री उन्हें महामिलावटी कह रहे हैं,लेकिन यह महापरिवर्तन लाने वाला गठबंधन हैं। यह महागठबंधन जीतकर देश में नई सरकार और नया प्रधानमंत्री देगा।


प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए उन्हें प्रचार मंत्री बताया


बीजेपी के पांच साल की सरकार ने जनता की नहीं एक फीसदी संपन्न व अमीर लोगों की मदद की है। यह सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही कि लोगों को शिक्षा और रोजगार नहीं मिलेगा। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि पहले देश पर 35 लाख करोड़ का कर्ज था जो अब 70 लाख करोड़ रुपया हो गया है। अखिर यह पैसा कहां गया।


शिक्षामित्रों की समस्या को उठाकर अखिलेश ने दिया सरकार में आने पर सम्मान का भरोसा


सपा मुखिया ने प्रधानमंत्री के चायवाले नारे पर तंज कसते हुए कहा कि बीते चुनाव में शिक्षामित्रों पर भी चाय का नशा चढ़ गया था और इन लोगों ने चाय वाले पर भरोसा किया, लेकिन पांच साल में इनका भी चाय का नशा उतर गया। सरकार में आने पर शिक्षा मित्रों को फिर से सम्मान देने का करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान के नाम पर खूब पैसा वसूला गया। इस अभियान से देश तो स्वच्छ नहीं हुआ, लेकिन जनता इस बार भाजपा को जरूर साफ कर देगी।


दस मिनट तक अखिलेश ने किया मायावती का इंतजार


सोनूघाट की सभा में सपा मुखिया अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर दिन में 2.11 बजे आ गया। हेलीकाप्टर से उतरने के बाद श्री यादव मंच के पास आ गए, लेकिन मायावती का हेलीकाप्टर नहीं आया था। श्री यादव के मंच के नीचे ही पार्टी के नेताओं से मिलते रहे और मायावती का इंतजार करते रहे। इसके करीब दस मिनट बाद मायावती का हेलीकाप्टर लैंड किया। मायावती के हेलीकाप्टर से उतरकर मंच के पास आने तक अखिलेश यादव वहीं नेताओं के साथ खड़े रहे। बसपा मुखिया के आने के बाद दोनों नेता एक साथ मंच पर आए।


जानवरों को लेकर दोनों ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना


सभा में बसपा मुखिया मायावती व सपा मुखिया अखिलेश यादव दोनों ने जानवरों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। मायावती ने प्रदेश सरकार पर किसानों को परेशान करने के लिए आवारा जानवरों को छोड़ने का आरोप लगाया। वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता की तो छोड़िए जानवरों तक को नहीं बचा पा रहे हैं और उन्हें दुख पहुंचा रहे हैं। जो सरकार जनता और जानवरों को दुख पहुंचा रही है, उस सरकार का हिसाब जनता करेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ